मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। मुंबई में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 100 हो गई। पुलिस ने बताया कि जहरीली शराब की यह त्रासदी महाराष्ट्र में पिछले 11 वर्षो की सबसे भयानक घटना है।
पुलिस उपायुक्त धनंजय कुलकर्णी ने आईएएनएस से कहा, “जहरीली शराब पीने की घटना में अबतक 100 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 48 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।”
पीड़ितों ने 17 जून की रात मालवणी में एक बार से घटिया किस्म की शराब पी थी।
इस मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के धंधे में लिप्त कम से कम चार लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने अबतक इस घटना के संबंध में लगभग 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।
अवैध शराब पीने के मामले में मृतकों की तेजी से बढ़ती संख्या से चिंतित महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को आबकारी विभाग के चार अधिकारियों और शुक्रवार को पुलिस के आठ जवानों को निलंबित कर दिया था।
अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए देसी शराब की बिक्री, भंडारण और ढुलाई को लेकर कानून में संशोधन करने की योजना बना रही है।
पीड़ितों में अधिकांश लक्ष्मी नगर झुग्गी बस्ती के थे। इन सभी ने बुधवार रात राठोड़ी गांव के एक बार में घटिया किस्म की देसी शराब पी थी।
दिसंबर 2004 में मुंबई में इस तरह की दो अलग-अलग घटनाओं में 87 लोगों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath