वसुंधरा के खिलाफ आरोप निराधार : गडकरी

जयपुर, 22 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ ललित मोदी की कथित सहायता के लिए लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र सरकार मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

राजे के साथ यहां उनके आवास पर मुलाकात के बाद गडकरी ने संवाददाताओं से कहा, “राजे के खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। इन आरोपों में कोई दम नहीं है।”

राजे पर 2011 में ललित मोदी के ब्रिटिश आव्रजन आवेदन के पक्ष में गवाही देने का आरोप है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, “वसुंधरा जी कानूनी, तार्किक और नैतिकता की दृष्टि से पूरी तरह सही हैं। उनकी कहीं भी कोई गलती नहीं है। इस तरह की राजनीति करना सही नहीं है।”

गडकरी ने राजे को यह भी आश्वासन दिया है कि भाजपा और केंद्र सरकार मजबूती से उनके समर्थन में खड़ी है।

गडकरी ने कहा, “मैं उन्हें (राजे) भरोसा दिलाता हूं कि सरकार और भाजपा मजबूती से उनके समर्थन में खड़ी है।”

उन्होंने कहा, “हम कल भी उनके साथ थे और आज भी उनके साथ हैं।”

गडकरी ने राजे के पुत्र और राजस्थान के झालावाड़-बारां निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह का भी बचाव किया। दुष्यंत पर ललित मोदी के साथ अवैध वित्तीय लेन-देन के आरोप हैं।

उन्होंने कहा कि जहां तक मामला दुष्यंत सिंह का है, सभी लेनदेन आयकर रिटर्न के रिकॉर्ड में हैं।

गडकरी ने कहा, “किसी से पैसे लेना कोई अपराध नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493