बिहार : मोदी की पत्नी ने मंत्री पर किया मानहानि का मुकदमा

पटना, 22 जून (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी की पत्नी जेस्सी जॉर्ज ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह के खिलाफ बिहार की एक अदालत में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है।

जेस्सी ने पटना के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में इंडियन पैनल कोड (आईपीसी) की धारा 499 के तहत मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। पिछले दिनों मंत्री ने उनकी शैक्षिक डिग्रियों को फर्जी करार दिया था।

जेस्सी के वकील सुबोध झा ने बताया कि अदालत से अनुरोध किया गया है कि मानहानि के आरोपी को अदालत में हाजिर होने के लिए शीघ्र सम्मन जारी किया जाए और कानूनी प्रावधान के तहत सजा दी जाए।

झा ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री रामधनी सिंह ने सार्वजनिक तौर पर जानबूझ कर जेस्सी की डिग्रियों को फर्जी बताया था, ताकि छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच उनकी छवि को घूमिल किया जा सके।

इधर, जेस्सी ने कहा, “मंत्री के इस बेबुनियाद और झूठे आरोप से मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को आघात पहुंचा है।”

जेस्सी का कहना है कि उन्होंने महाराष्ट्र बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन से मैट्रिक और मुंबई विश्वविद्यालय के सोफिया कॉलेज से स्नातक, बीएड तथा मुंबई के महिला विश्वविद्यालय से स्नातकोतर किया है और पटना विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की है।

जेस्सी केंद्रीय विद्यालय में आठ वर्षो तक सेवा देने के बाद वर्ष 2003 से पटना विश्वविद्यालय में व्याख्याता रहीं। उन्होंने 2011 से पटना विश्वविद्यालय के महिला प्रशिक्षण महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपनी सेवा दी है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व मोदी ने स्वास्थ्य मंत्री की बेटी की एक सरकारी संस्थान में लाइब्रेरियन के पद पर हुई बहाली को अवैध बताया था। इसके जवाब में मंत्री ने उनकी पत्नी की डिग्री को फर्जी बताया था।

जेस्सी जॉर्ज ने मंत्री से सार्वजनिक तौर पर आरोप वापस लेने और माफी मांगने की मांग की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493