उपराष्ट्रपति अंसारी पर माधव के ट्वीट के लिए माफी मांगें प्रधानमंत्री : कांग्रेस

नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बांटनेवाली राजनीति करने का आरोप लगाया और भाजपा नेता राम माधव द्वारा उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी को लेकर किए गए ट्वीट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा महासचिव माधव ने योग दिवस समारोह में अंसारी के अनुपस्थित रहने पर ट्वीट कर उनका उपहास उड़ाया था। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी टिप्पणी डिलीट भी कर दी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “प्रधानमंत्री और भाजपा महासचिव राम माधव को इस मामले में निश्चित तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उपराष्ट्रपति को प्रोटोकॉल के चलते निमंत्रित नहीं किया गया था। यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश के तहत किया गया।”

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने और तीखा हमला करते हुए कहा, “राम माधव की टिप्पणी दर्शाती है कि योग दिवस के पीछे सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की मंशा ही छिपी थी।”

रमेश ने कहा, “मोदी सिर्फ एक चीज जानते हैं, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण। राम माधव का घृणित बयान ध्रुवीकरण के उद्देश्य से जानबूझकर किया गया।”

इससे पहले सोमवार को ही केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद नाइक ने उपराष्ट्रपति को आमंत्रित न किए जाने के सरकार के फैसले का बचाव किया।

नाइक ने पत्रकारों से कहा, “प्रधानमंत्री के मुख्य अतिथि रहते उपराष्ट्रपति को आमंत्रित नहीं किया जा सकता था।”

गौरतलब है कि राम माधव ने टिप्पणी कर उपराष्ट्रपति के योग दिवस समारोह में अनुपस्थित रहने पर सवाल उठाए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493