केनबरा, 23 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री जूली बिशप ने मंगलवार को कहा कि सरकार उन रपटों की पुष्टि करने में लगी हुई है, जिनमें कहा गया है कि इराक में आतंकवादी गुट इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ लड़ाई के दौरान दो जिहादी मारे गए हैं।
समाचार चैनल एबीसी के मुताबिक, खालिद शर्राफ और मोहम्मद एलोमर 2013 में सीरिया और फिर इराक गए थे। शर्राफ ने अपने भाई के पासपोर्ट पर यात्रा की थी।
ये दोनों पिछले साल उस समय चर्चा में आए, जब सीरिया के सरकारी सैनिकों के समर्थकों के कटे सिर पकड़े उनकी तस्वीरें ऑनलाइन जारी हुई थीं।
मोसुल के बाहर एक इराकी अधिकारी को गोली मारने में अपनी संदिग्ध भूमिका के लिए आस्ट्रेलिया प्रशासन को शर्राफ की तलाश थी। सोशल मीडिया पर एलोमर की पोस्ट से पता चलता है कि आस्ट्रेलिया में आईएस के लिए लड़ने वालों में वह एक लोकप्रिय और प्रभावशाली शख्स था।
इनमें से एक शख्स के परिवार के नजदीकी सूत्र ने बताया कि इन दोनों की मौत मोसुल में हुई थी, जबकि एक अन्य शख्स का कहना है कि उन्हें बताया गया है कि पिछले सप्ताह ड्रोन हमले में शर्राफ और एलोमर की मौत हो गई थी।
ऐसा माना जा रहा है कि एलोमर का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन शर्राफ का शव अभी भी लापता है।
dharmpath.com dharmpath