कातानिया (इटली), 23 जून (आईएएनएस)। इतालवी फुटबाल क्लब कातानिया के अध्यक्ष एंटोनियो पुलविरेंटी एवं छह अन्य फुटबाल अधिकारियों को मैच फिक्सिंग के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, अधिकारियों ने कातानिया फुटबाल क्लब को सेकेंड डिवीजन (सेरी-बी) लीग टूर्नामेंट से बाहर होने से बचाने के लिए मैच फिक्सिंग की।
गिरफ्तार होने वाले अधिकारियों में पुल्विरेंटी के अलावा क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पाब्लो कोसेंटिनो, पूर्व खेल निदेशक डानिएले डेली कारी और चार अन्य सदस्य शामिल हैं।
पुलिस को संदेह है कि सातों अधिकारी धोखाधड़ी और रिश्वत के लेनदेन में और पिछले सत्र में कातानिया को टूर्नामेंट में बचाए रखने की साजिश में शामिल हैं।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ ने स्थानीय पुलिस के हवाले से कहा है, “पुलिस ने सेरी-बी टूर्नामेंट में क्लब को बाहर होने से बचाने के लिए मैच फिक्सिंग करने वाले सात अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।”
dharmpath.com dharmpath