एंटवर्प (बेल्जियम), 23 जून (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल के पूल-ए के अपने दूसरे मैच में पोलैंड को 3-0 से हरा दिया। टूर्नामेंट में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है।
भारत को मैच में तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले हालांकि भारत ने तीनों गोल फील्ड गोल के जरिए हासिल किए। भारत के लिए यह गोल युवराज वाल्मिकी, कप्तान सरदार सिंह और देविंदर वाल्मिकी ने किए।
मैच का पहला क्वार्टर लगभग नीरस रहा, जिसमें कोई भी एक भी आक्रमण नहीं कर पाई और न ही एक भी पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर सकी। दूसरे क्वार्टर में हालांकि भारतीय टीम ने आक्रामकता बढ़ा दी हालांकि अनुभवी रुपिंदर पाल सिंह की कमी उसे जरूर खली।
इस बीच पोलैंड टीम ने 21वें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया, हालांकि दिग्गज गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश ने इसका खूबसूरती से बचाव कर लिया। इससे ठीक बाद भारतीय टीम ने पलटवार कर दिया और गोल की और बिरेंद्र लाकड़ा के दमदार शॉट को युवराज ने बेहद फूर्ती से सही दिशा दे दी और भारत को 23वें मिनट में 1-0 से बढ़त दिला दी।
मध्यांतर से ठीक पहले भारत अपना पहला पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा, लेकिन मनप्रीत सिंह के शॉट को पोलैंड के गोलकीपर ने बचा लिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम ने मैदान पर दबदबा बनाए रखा और गेंद पर नियंत्रण हासिल करने में 76 फीसदी सफलता हासिल की।
मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय दबदबा बना रहा और कप्तान सरदार ने 38वें मिनट में बेहद चतुराई से पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि भारतीय खिलाड़ी इस अवसर को भी नहीं भुना सके।
कप्तान सरदार ने कुछ ही देर बाद शानदार हमला किया और कई खिलाड़ियों को छकाते हुए पोलैंड के डी में प्रवेश करने के बाद दमदार शॉट के जरिए 42वें मिनट में भारत को दूसरा गोल दिला दिया।
पोलैंड के लाख प्रयास के बावजूद भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें हावी नहीं होने दिया। मैच के 52वें मिनट में चिकलेनसेना सिंह के तेज शॉट को डी के अंदर मौजूद देविंदर ने कुशलतापूर्वक गोल की दिशा दे दी और भारत के लिए निर्णायक तीसरा गोल दाग दिया।
देविंदर का टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल रहा। भारतीय टीम अब 26 जून को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी। भारत ने फ्रांस को पहले मैच में 3-2 से मात दी थी।
dharmpath.com dharmpath