सैंटियागो (चिली), 24 जून (आईएएनएस)। उरुग्वे फुटबाल टीम के स्ट्राइकर एडिंसन कावानी कोपा अमेरिका टूर्नामेंट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला छोड़ स्वदेश लौट सकते हैं। उनके पिता को शराब पीकर गाड़ी चलाने और उससे हुई दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उरुग्वे के कोच ऑस्कर तबरेज ने मंगलवार को बताया कि कावानी के टीम छोड़ने पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।
तबरेज ने कहा, “यह उनका व्यक्तिगत मामला है। कावानी इसमें शामिल नहीं थे, लेकिन इस घटना से वह भी प्रभावित हैं। हमने उनसे कहा है कि हमारा सहयोग उनके साथ है।”
उरुग्वे को क्वार्टर फाइनल मुकाबला बुधवार को मेजबान चिली के खिलाफ खेलना है।
कावानी के पिता लुइस को सोमवार रात पुलिस ने गिरफ्तार किया, जब उनकी गाड़ी साल्टो शहर में एक दुर्घटना का शिकार हुई। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार एक 19 वर्षीय लड़के को गंभीर चोट लगी और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार को उसकी मृत्यु हो गई।
कोच तबरेज ने कहा है कि वह कावानी से लगातार बात कर रहे हैं, ताकि यह फैसला किया जा सके कि वह खेलने की स्थिति में हैं या नहीं।
dharmpath.com dharmpath