शिमला, 24 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने मैक्लोडगंज में पेड़ों की अवैध कटाई पर शीर्ष सरकारी अधिकारियों को सम्मन जारी करते हुए अगले महीने हाजिर होने को कहा है।
तिब्बतियों के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा मैक्लोडगंज में ही रहते हैं।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मंसूर अहमद मीर और न्यायमूर्ति तारलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मंगलवार को कांगड़ा जिले के अधिकारियों को छह जुलाई को न्यायालय के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए।
जिन अधिकारियों को सम्मन जारी किया गया है उनमें कांगड़ा के मंडलीय वन अधिकारी, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक शामिल हैं।
न्यायालय ने ऊपरी धर्मशाला स्थित मैक्लोडगंज में पेड़ों की अवैध कटाई को लेकर गजाला अब्दुल्ला के पत्र पर स्वत: संज्ञान लेते हुए यह निर्देश जारी किया।
न्यायालय को इस संबंध में एक अन्य शिकायत भी प्राप्त हुई है और साक्ष्य के लिए इसमें सीडी भेजी गई है। इसमें कहा गया है कि न्यायालय के निर्देश के बावजूद पेड़ों को काटा जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath