नई दिल्ली, 24 जून (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल के ओलंपिक खेल-2016 तक पूर्णकालिक फिजियोथेरेपिस्ट रखने के अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें नौ लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की।
मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, “यह सहायता फिजियो को दिए जाने वाले 60,000 रुपये मासिक वेतन के तौर पर दी जा रही है। फिजियोथेरेपिस्ट का चयन सायना नेहवाल ने खुद किया है।”
ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सायना को टार्गेट ओलंपिक पोडियम (टीओपी) कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय खेल विकास निधि (एनएसडीएफ) द्वारा आर्थिक मदद दिए जाने की योजना के अनुसार यह रकम दी जाएगी। इस कार्यक्रम का मकसद रियो ओलंपिक-2016 की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को मदद देना है।
विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त सायना फिलहाल बेंगलुरू के प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी में अभ्यास कर रही हैं।
dharmpath.com dharmpath