श्रीनगर, 24 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में अगले दो-तीन दिनों के दौरान बारिश और गरज के साथ फुहारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि राज्य में मंगलवार रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला बुधवार को भी जारी है, जिसके चलते श्रीनगर में कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
राजधानी श्रीनगर में बुधवार सुबह 8.30 बजे तक 4.6 मिलीमीटर और कश्मीर घाटी के पहलगाम में सर्वाधिक 31.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर गरज के साथ हल्की से सामान्य बारिश होने की संभावना है।”
अधिकारी ने कहा कि शनिवार शाम तक मौसम साफ होने के आसार हैं।
उन्होंने कहा, “शुक्रवार तथा शनिवार को तेज बारिश होगी और उसके बाद बारिश में कमी आएगी।”
श्रीनगर में बुधवार सुबह बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.5 डिग्री और 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कारगिल शहर के लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। लद्दाख के लेह क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम अधिकारी ने कहा, “जम्मू क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।”
जम्मू शहर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath