मुंबई, 24 जून (आईएएनएस)। ‘थोड़ा लुत्फ थोड़ा इश्क’ का ट्रेलर यहां मंगलवार को इसके मुख्य कलाकार राजपाल यादव और हितेन तेजवानी की उपस्थिति में लांच हुआ।
फिल्म का निर्देशन सचिन गुप्ता ने किया है।
ट्रेलर लांच कार्यक्रम में राजपाल यादव ने संवाददाताओं को बताया, “मुझे एक अच्छी फिल्म ‘थोड़ा लुत्फ थोड़ा इश्क’ में कलाकारों की एक अच्छी टीम के साथ काम करने का मौका मिला। सचिन ‘परांठे वाली गली’ फिल्म से अपना दमखम दिखा चुके हैं। मैं फिल्में बनाने की उनकी प्रेरणा और समर्पण से प्रभावित हुआ।”
राजपाल ने कहा कि उन्हें हितेन तेजवानी के साथ अभिनय करने में मजा आया और वह हितेन के साथ दो-तीन और फिल्मों में काम करने की उम्मीद करते हैं।
वहीं, हितेन ने कहा, “यह पूरी तरह से एक हास्य फिल्म है। मैं फिल्म के कलाकारों के बारे में सुनकर इसमें काम करने को लेकर उत्साहित था। मुझे राजपाल और बाकी सभी कलाकारों के साथ शूटिंग करने में बहुत मजा आया।”
फिल्म 10 जुलाई को रिलीज होगी। इसमें नेहा पवार, संजय मिश्रा, राकेश बेदी और भविता आनंद भी हैं।
dharmpath.com dharmpath