आगरा में सहकर्मी की पत्नी की हत्या से नाराज वकीलों की हड़ताल

आगरा, 24 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक अधिवक्ता की पत्नी और बेटी की लूटपाट के बाद हत्या के विरोध में वकीलों ने बुधवार को हड़ताल किया।

पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता प्रवीण गुलाटी मंगलवार दोपहर खंडारी कॉलोनी स्थित अपने घर लौटे तो उन्होंने अपनी 50 वर्षीय पत्नी और 23 वर्षीय विकलांग बेटी का शव खून से लथपथ पाया। उनके सिर को पत्थर से कुचला गया था।

जानकारी के मुताबिक, प्रवीण ने घर पहुंचने पर दरवाजा बंद पाया। बार-बार खटखटाने पर भी जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला, तो उन्होंने किरायेदार की मदद से दरवाजा तोड़ा।

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन बुधवार सुबह तक उन्हें हत्या के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला।

पीड़ित के रिश्तेदारों ने बताया कि घर से सोने के आभूषण और 70,000 रुपये गायब हैं।

पुलिस अधिकारी राजेश मोदक ने संवाददाताओं को बताया कि इस मामले को सुलझाने के लिए चार दलों का गठन किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने मामले में परिचित लोगों के शामिल होने का संदेह जताया है।

उन्होंने कहा, “यह मामला प्रतिशोध का परिणाम नजर आ रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493