वाशिंगटन, 24 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने सुरक्षा मामलों, खासकर परमाणु हथियार मामले में पाकिस्तान से जिम्मेदारी भरा रवैया दिखाने की उम्मीद करते हुए कहा है कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद को अपने आपसी मुद्दों पर शांतिपूर्ण तरीके से काम करने की जरूरत है।
अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने मंगलवार को दैनिक प्रेस वार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही।
किर्बी ने कहा, “केरी ने यह भी कहा कि अमेरिका का हमेशा से विश्वास रहा है कि भारत और पाकिस्तान को अपने आपसी मुद्दे शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की जरूरत है और उन्हें यह कार्य खुद करना होगा।”
पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ द्वारा कथित तौर पर भारत के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की चेतावनी के संदर्भ में जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या पाकिस्तान का परमाणु कार्यक्रम सुरक्षित है तो किर्बी ने कहा, “मैं यहां खुफिया मुद्दों पर बात नहीं करूंगा। लेकिन हमें हमेशा से उम्मीद है कि पाकिस्तान सुरक्षा मामले पर एक जिम्मेदारी भरा रुख दिखाएगा, खासकर परमाणु मुद्दे पर।”
भारत, चीन और अन्य कई देशों में बाल श्रम और बाल तस्करी से जुड़े सवाल पर किर्बी ने कहा, “निश्चित तौर पर यह चिंताजनक है कि हम ऐसी दुनिया में हैं जहां बाल श्रम और मानव तस्करी जारी है।”
पत्रकारों ने जब राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट से पूछा कि क्या राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संदर्भ में जन स्वास्थ्य पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। इस पर अर्नेस्ट ने कहा कि वह “इस बात से अनभिज्ञ हैं कि ओबामा ने इस मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय नेताओं से कोई बातचीत की है या नहीं।”
dharmpath.com dharmpath