मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। ऑस्कर विजेता फिल्म ‘साउंड मिक्सर’ रेसुल पोकुट्टी ने आने वाली फिल्म ‘गौर हरि दासतां- द फ्रीडम फाइल’ के हिंदी संस्करण के लिए आवाज दी है।
एक बयान के अनुसार, फिल्म के निर्देशक अनंत महादेवन फिल्म में रेसुल की आवाज इस्तेमाल करना चाहते थे।
रेसुल ने कहा, “सच कहूं तो मैं इसी बात से प्रभावित था कि निर्देशक अनंत महादेवन मेरी आवाज इस्तेमाल करना चाहते हैं, जब उन्होंने फिल्म ‘गौर हरि दासतां – द फ्रीडम फाइल’ के लिए मुझसे हिंदी में एक पंक्ति डब करने के लिए कहा।”
उन्होंने आगे बताया, “मैंने देखा कि अनंत अपनी बात को लेकर गंभीर हैं। मैं घबरा गया, क्योंकि मेरी हिंदी बोली में मलयालम की झलक साफ दिखती है। लेकिन अनंत को इस बात से कोई परेशानी नहीं थी, क्योंकि मुंबई में बहुत से मलयाली रहते हैं, जो मेरी तरह हिंदी बोलते हैं।”
फिल्म ‘गौर हरि दासतां’ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को प्रदर्शित हो रही है। फिल्म में विनय पाठक, कोंकणा सेन शर्मा, तनिष्ठा चटर्जी, रणवीर शौरी, असरानी, रंजीत कपूर, विपिन शर्मा, सौरभ शुक्ला, विक्रम गोखले, मोहन कपूर, भरत दभोलकर और सिद्धार्थ जाधव ने काम किया है।
dharmpath.com dharmpath