जम्मू, 25 जून (आईएएनएस)। लगातार जारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण गुरुवार को जम्मू एवं श्रीनगर को देश के शेष हिस्से से जोड़ने वाला राजमार्ग बंद करना पड़ा और राजमार्ग पर परिवहन जहां का तहां थम गया।
मार्ग के बीच में कई जगह चट्टानें खिसकने से कई यात्री बाल-बाल बचे। हालांकि किसी के भी अब तक चोटिल होने की खबर नहीं मिली है।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन के कारण राजमार्ग रामाबाण और ऊधमपुर जिलों के पीरा, गुंगरू, पांथल और रामसू इलाकों में बाधित हुआ है।
मार्ग बाधित होने के कारण राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर करीब 200 वाहन फंसे हुए हैं।
राजमार्ग के रखरखाव का काम देखने वाली सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने परिवहन पुन: सुचारु करने के लिए सड़क साफ करने का काम शुरू कर दिया है।
परिवहन पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण इसमें कठिनाई आ रही है और जोखिम भी बना हुआ है।”
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी को सड़क मार्ग से जोड़ने वाली यह एकमात्र सड़क है।
dharmpath.com dharmpath