अधिकार विवाद : केंद्र ने तेलंगाना, आंध्र के राज्यपाल को बुलाया

हैदराबाद, 25 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल नरसिम्हा राव को नई दिल्ली बुलवाया है। केंद्र ने राज्यपाल को दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी हैदराबाद में राज्यपाल के विशेषाधिकार को लेकर चल रहे विवाद के बीच राज्यपाल को बुलाया है।

राज्यपाल गुरुवार की शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वह शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे।

माना जा रहा है कि वह केंद्रीय गृहमंत्री को दोनों राज्यों के बीच में जारी विवाद और घटनाक्रम के बारे में जारकारी देंगे। ज्ञात रहे कि नोट के बदले वोट और फोन टैपिंग के मामले में दोनों राज्यों के बीच विवाद चल रहा है।

नरसिम्हा को अभी कुछ दिनों पहले ही भारत के महान्यायवादी ने उन्हें कथित तौर पर सलाह दी थी कि वे आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम की धारा आठ का इस्तेमाल कर विशेषाधिकार का प्रयोग करें और नोट के बदले वोट मामले पर निगरानी रखें।

हैदराबाद में रह रहे सभी धर्मो के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आंध्र प्रदेश धारा-8 को लागू करने की मांग कर रहा है।

मुख्यमंत्री ए. चंद्रबाबू नायडू ने कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस धारा को लागू करने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने तेलंगाना सरकार द्वारा कथित फोन टैपिंग के मामले की जांच की मांग की थी।

तेलंगाना विधानसभा में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) सदस्य रेवंत रेड्डी को 31 मई को एसीबी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद नायडू ने इस धारा को लागू किए जाने की मांग की थी। इसके अलावा एक ऑडियो टेप को भी प्रसारित किया गया था, जिसमें वे मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफन्सन से बातचीत करते हुए सुनाई दे रहे हैं।

रेवंत को उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब उन्होंने तेलंगाना विधान परिषद के चुनाव में तेदेपा-भाजपा उम्मीदवार को वोट देने के लिए मनोनीत विधायक स्टीफन्सन को 50 लाख रुपये के रिश्वत की पेशकश की।

तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सरकार ने नायडू पर नोट के बदले वोट मामले में कानून से बचने के लिए धारा आठ लागू करने की मांग करने का आरोप लगाया। वहीं आंध्र की तेदेपा सरकार ने तेलंगाना सरकार पर नायडू और उनके सहयोगी मंत्रियों का फोन टैप करने आरोप लगाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493