नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने गुरुवार को भगोड़ा मैच फिक्सर ललित मोदी की मददगार विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की।
माकपा ने ललित मोदी प्रकरण में वसुंधरा की संलिप्तता को राजनीति में निम्नतम स्तर का कार्य और राष्ट्रीय शर्म बताया।
माकपा ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “ललित मोदी को ब्रिटिश आव्रजन दस्तावेज दिलाने के मामले में मदद करने संबंधित वसुंधरा राजे द्वारा हस्ताक्षरित हलफनामा सामने आने के बाद साबित हो चुका है कि मुख्यमंत्री इस गड़बड़ी में शामिल थीं।”
वक्तव्य में आगे कहा गया है, “यह बेहद चौंकाने वाला है कि राजस्थान विधानसभा में तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष ने यह शर्त रखी थी कि ललित मोदी को उनकी ओर से दी गई मदद को गुप्त रखा जाए और भारतीय अधिकारियों को न बताई जाए। एक राजनीतिक के लिए यह निम्नतम और राष्ट्रीय शर्म की बात है।”
माकपा ने वसुंधरा राजे से तत्काल मुख्यमंत्री पद छोड़ने की मांग करते हुए कहा है, “वसुंधरा और उनके परिवार वालों की ललित मोदी के साथ संबंधों की जांच होनी चाहिए।”
माकपा ने ललित मोदी प्रकरण में व्यापक जांच की मांग की और कहा, “जांच होने तक सुषमा के लिए भारत की विदेश मंत्री पद पर बने रहना देश के सम्मान की खातिर उचित नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath