दुकान से आग की लपटों को उठता देख आसपास रहने वालों के शोर मचाने से गंगा रोड पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दुकान मालिक मौके पर देर से पहुंच पाया। नागरिकों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर मौजूद करीब 12 लाख रुपये का गुटका, सिगरेट, पान मसाला और अन्य सामान जलकर स्वाहा हो चुका था।
नंदू चौरसिया की गंगा रोड पर नंदू एंटरप्राइजेज नाम से पान की दुकान है। रोज की तरह नंदू अपनी दुकान को बंद करके घर चले गए थे। रात करीब डेढ़ बजे दुकान के सामने रहने वाले किसी व्यक्ति ने शटर से आग की लपट व धुआं निकलते देखा। उसने शोरगुल मचाया। हल्ला सुनकर आसपास छतों पर सो रहे लोग सड़क पर निकल आए।
इसके बाद नंदू चौरसिया के घर जाकर अगलगी की जानकारी दी गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि लोग दुकान के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। इसी बीच किसी ने फायर ब्रिगेड को अगलगी की सूचना दी, जो कुछ ही समय में वहां आ गई। फायर ब्रिगेड के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में मौजूद सामान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुका था।
सामान की कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा कथित तौर पर 35 हजार रुपये नकद भी जलकर राख हो गई।
dharmpath.com dharmpath