मुंबई, 26 जून (आईएएनएस)। अभिनेता हेमंत पांडे फिल्म ‘फ्लेम’ की प्रचार सामग्री (पोस्टर) में नजरअंदाज किए जाने से काफी नाराज हैं। हेमंत ने फिल्म में केंद्रीय भूमिका निभाई है।
हेमंत ने अपनी नाराजगी जाहिर भी कर दी है। पिछले दिनों जब फिल्म की प्रथम झलकी जारी की गई थी, तो हेमंत समारोह में शामिल नहीं हुए थे। वह परिवार संग छुट्टियां मनाने उत्तराखंड चले गए थे।
फिल्म का पोस्टर हाल में कान्स फिल्म समारोह में भी जारी किया गया, लेकिन हेमंत उस समय भी मौजूद नहीं थे। निर्माता वरुण सिंह ने कान्स में फिल्म का पोस्टर जारी किया था।
बकौल हेमंत फिल्म ‘फ्लेम’ की पूरी कहानी एक ऐसे आदिवासी व्यक्ति, जो कि ओझा है, के इर्द-गिर्द घूमती है। ओझा झाड़-फूक की आड़ में महिलाओं का शोषण करता है, खुद अपनी पत्नी का भी। हेमंत ने इसी किरदार को पर्दे पर उतारा है। उनकी पत्नी की भूमिका में ऋषिता भट्ट हैं। लेकिन पूरे पोस्टर में सिर्फ ऋषिता की तस्वीर है।
हेमंत ने इस बारे में आईएएनएस से सिर्फ इतना कहा कि यह समय का चक्र है, अन्यथा किसी फिल्म की प्रचार सामग्री से फिल्म के केंद्रीय किरदार को भला कोई कैसे नजरअंदाज कर सकता है।
इस बारे में फिल्म के निर्माता वरुण सिंह और निर्देशक राजीव रुइया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो पाए।
हेमंत ने आगे कहा, “इस फिल्म में दर्शकों को मेरे अभिनय का अलग रंग देखने को मिलेगा। जो लोग मुझे अभी तक सिर्फ एक हास्य कलाकार के रूप में देखते रहे हैं, उन्हें हैरानी होगी, उन्हें अपनी राय बदलनी पड़ेगी।”
यह फिल्म सिनेमागृहों में कब उतरेगी, फिलहाल तय नहीं है। लेकिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह फिल्म काफी सराही गई है, और कई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में यह पुरस्कृत हो चुकी है।
ताइवान इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, नीदरलैंड इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, कनाडा इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, पाकिस्तान इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, बेस्ट एक्टर एनआईएफएफ इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, बेस्ट एक्ट्रेस एनआईएफएफ इंटरनेशनल फेस्टिवल अवार्ड 2014, बेस्ट फिल्म एनआईएफएफ इंटरनेशल फेस्टिवल अवार्ड 2014, बेस्ट डाइरेक्टर एनआईएफएफ इंटरनेशल फेस्टिवल अवार्ड 2014 और बेस्ट डाइरेक्टर दादा साहेब फाल्के एकेडमी अवार्ड 2014 के लिए यह फिल्म अबतक चुनी जा चुकी है।
हार्ड कोर फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म में हेमंत के अलावा ऋषिता भट्ट, मिस पोलैंड नतालिया जनोसनेक, शेखर गिजारे, हॉलीवुड अभिनेता जॉन डेलांग भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
dharmpath.com dharmpath