कश्मीर में अलगाववादियों के बंद से जनजीवन प्रभावित

श्रीनगर, 27 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में अलगवादियों ने शनिवार को पुलिस की कथित ज्यादती के विरोध में बंद का आह्वान किया है, जिससे यहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

हालांकि श्रीनगर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य तरीके से होती रही।

हुर्रियत के उदारवादी धड़े के नेता मीरवाइज उमर फारूक ने पुलिस पर 26 जून को जामिया मस्जिद इलाके में शुक्रवार की नमाज के दौरान ज्यादती बरतने का आरोप लगाते हुए बंद का आह्वान किया है।

पुराने श्रीनगर शहर के नौहटा इलाके में स्थित जामिया मस्जिद के प्रबंधन का कहना है कि पुलिस ने इलाके में आंसू गैस के गोले छोड़े, जिनमें से कुछ मस्जिद के भीतर पहुंच गए।

बंद की वजह से श्रीनगर में दुकानें बंद हैं और सड़कों पर वाहन नहीं नजर आ रहे हैं। बैंकों, सरकारी कार्यालयों, डाकघरों में हालांकि सामान्य तरीके से कामकाज हो रहा है, लेकिन यहां भी उपस्थिति कम है।

हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली गिलानी ने भी बंद का समर्थन किया है। गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत कांफ्रेंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस ने शुक्रवार को उनकी घर में नजबंदी समाप्त नहीं की और उन्हें नमाज के लिए मस्जिद जाने से रोक दिया।

बंद को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलकों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।

इस बीच, कश्मीर विश्वविद्यालय में गुरुवार को अंग्रेजी विभाग के एक छात्र की गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा के कारण शनिवार को लगातार दूसरे दिन छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल नहीं होने दिया गया, जिससे इस दिन भी यहां कक्षाएं नहीं चलीं।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए छात्र मुजामिल अहमद के संबंध आतंकवादियों से हैं, जबकि यहां प्रदर्शन कर रहे छात्र उसे निर्दोष बता रहे हैं और उसकी तुरंत रिहाई की मांग कर रहे हैं। यह छात्र दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले का है।

इस बीच, विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुक्रवार को अपने छात्रावासों को बंद करने के आदेश दिए और छात्रावास को खाली कराने के लिए पुलिस की मदद मांगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493