जहानाबाद, 27 जून (आईएएनएस)। बिहार के जहानाबाद में दो गुटों के बीच झड़प को शांत करने के दौरान पुलिस की ओर से चलाई गई गोली में कथित तौर पर चार लोगों के घायल हो जाने से नाराज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिले में एक दिवसीय बंद बुलाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों की कई स्थानों पर झड़प हुई और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया।
पुलिस के अनुसार, बाजार बंद रहे और वाहनों की आवाजाही पर भी रुकी रही। बंद समर्थकों ने एक यात्री ट्रेन पर भी पथराव किया। इस दौरान सड़क जाम कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (अभियान) अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में तनाव व्याप्त है, परंतु स्थिति नियंत्रण में है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर दो गुटों में झड़प हो गई थी। विहिप का आरोप है कि इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने 200 राउंड गोलियां चलाई, जिसमें चार लोग घायल हो गए, लेकिन पुलिस ने एक व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि की है।
dharmpath.com dharmpath