इलाहाबाद, 27 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में शुक्रवार को पुलिस की एक मॉक ड्रिल में दंगाइयों के हाथों में भगवा झंडा देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इलाहाबाद पुलिस के इस कृत्य से नाराज विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के.एस इमैनुअल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
नाराज कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आईजी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ते देख आईजी ने सबको वार्ता के लिए बुलाया। विहिप कार्यकर्ताओं ने आईजी से इलाहाबाद के एसएसपी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के साथ ही सामूहिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे विहिप के प्रदेश उपाध्यक्ष पुनीत वर्मा ने कहा कि एसएसपी ने हिंदू जनमानस की आस्था एवं विश्वास के प्रतीक भगवा ध्वज को दंगाइयों के हाथों में देकर उसका अपमान किया है।
वर्मा ने कहा कि एसएसपी ने जल्दी माफी नहीं मांगी तो विहिप व्यापक आंदोलन करने पर बाध्य होगा।
dharmpath.com dharmpath