नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। स्टंट रियलिटी शो ‘एमटीवी रोडीज’ आमतौर पर प्रतिभागियों के बीच की गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के लिए चर्चाओं में रहता है। ‘एमटीवी रोडीज एक्स2’ के विजेता प्रिंस नरूला को खुशी है कि इस संस्करण में ये सब नहीं हुआ।
‘एमटीवी रोडीज एक्स2’ पिछले साल दिसंबर में ऑडिशन के साथ शुरू हुआ। पहली बार शो में रघु राम और राजीव लक्ष्मण की अनुपस्थिति देखी गई। दोनों शो के पिछले संस्करणों के निर्णायक और सलाहकार रहे हैं।
चंडीगढ़ निवासी प्रिंस (24) ने आईएएनएस को बताया, “हम सभी को रघु और राजीव की कमी खली, लेकिन यह संस्करण पिछले संस्करणों से अलग था। इस बार किसी ने भी किसी से लड़ाई-झगड़ा नहीं किया या गालियां नहीं बकी। शो का यह संस्करण साफ-सुथरा और टास्क (विशेष कार्य) प्रधान था। पूरा परिवार बेहिचक इसकी कड़ियां देख सकता था।”
प्रिंस, मिस्टर पंजाब प्रतियोगिता 2015 के उप-विजेता हैं। वह एक कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन हमेशा से सिनेजगत में नाम कमाना चाहते हैं। उन्हें खुशी है कि वह अब अपने इस सपने को पूरा करने के करीब हैं।
dharmpath.com dharmpath