हैदराबाद, 30 जून (आईएएनएस)। हैदराबाद उच्च न्यायालय ने वोट के बदले नोट मामले में मंगलवार को तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) विधायक ए. रेवंत रेड्डी को जमानत दे दी, इसके साथ ही एक महीने तक जेल में बंद रहे रेवंत रिहा हो जाएंगे।
न्यायालय ने दो अन्य आरोपियों सेबेस्टियन हैरी और उदय सिन्हा को भी जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए।
न्यायमूर्ति राजा एलांगो ने पिछले सप्ताह अपने फैसले को सुरक्षित रखा था और मंगलवार को इसकी घोषणा की।
रेवंत को पांच लाख रुपये के निजी बांड तथा दो मुचलके पर रिहा किया गया है।
न्यायमूर्ति ने तीनों को अपने पासपोर्ट सौंपने, शहर से बाहर न जाने तथा बुलावे पर भ्रष्टाचार निरोधी ब्यूरो (एसीबी) के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए।
रेवंत के वकील ने संवाददाताओं को बताया कि उन्हें उनके विधानसभा क्षेत्र कोडांगल अगले आदेश तक न छोड़ने के आदेश दिए गए हैं।
एसीबी ने तेलंगाना विधानसभा में तेदेपा के उपनेता रेवंथ को विधान परिषद चुनाव में तेदेपा-भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में वोट डालने के लिए मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफन्सन को 50 लाख रुपये की रिश्वत देने के मामले में 31 मई को गिरफ्तार किया था।
एसीबी ने स्टीफन्सन के आरोप के आधार पर रेवंत तथा उनके दो सहयोगियों के खिलाफ जाल बिछाया था।
इधर, एसीबी के मामले को लेकर एक अदालत ने सोमवार को आरोपियों की न्यायिक हिरासत अवधि 13 जुलाई तक बढ़ा दी थी।
यह फैसला रेवंत के परिवार और तेदेपा के लिए खुशी लेकर आया है। जमानत मिलते ही मिठाई बांटी गईं और पटाखे छोड़े गए।
इस बीच, तेलंगाना सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में जमानत को चुनौती देने का फैसला किया है। अधिवक्ता जनरल रामकृष्णा रेड्डी ने कहा कि मामले से जुड़े दस्तावेज सर्वोच्च न्यायालय के वकील को भेज दिए गए हैं।
एसीबी की तरफ से दलील देते हुए महाधिवक्ता ने रेवंत की जमानत का कड़ा विरोध किया और कहा कि वह गवाह को प्रभावित कर सकते हैं तथा सबूत के साथ छेड़छाड़ कर सकते हैं। न्यायालय को बताया गया कि वह प्रभावशाली व्यक्ति हैं और उनकी पार्टी पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में सत्ता में है।
एसीबी ने अदालत को बताया कि जांच अभी महत्वपूर्ण दौर में है, क्योंकि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी ने मामले से जुड़े ऑडियो एवं वीडियो टेप की रिपोर्ट पेश कर दी है।
इधर, रेवंत के वकीलों ने दलील दी कि एसीबी ने हिरासत में उनसे पूछताछ कर ली है, इसलिए उन्हें जेल में रखे जाने से और कोई नई बात सामने नहीं आएगी।
dharmpath.com dharmpath