टॉप रेमन की स्वेच्छा से बाजार से वापसी : कंपनी

बेंगलुरू, 30 जून (आईएएनएस)। टॉप रेमन नूडल की निर्माता कंपनी इंडो निसिन को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से बाजार से नूडल वापस लेने का कोई आदेश नहीं मिला था, बल्कि कंपनी स्वेच्छा से ऐसा कर रही है। यह बात कंपनी के एक अधिकारी ने मंगलवार को कही।

कंपनी के प्रबंध निदेशक गौतम शर्मा ने कहा, “हमें बाजार से वापसी के लिए एफएसएसएआई से कोई आदेश नहीं मिला था। आप एफएसएसएआई के वेबसाइट पर यह पता कर सकते हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि उत्पाद को बाजार से हटाने के लिए एफएसएसआई ने काई आदेश नहीं दिया है।”

शर्मा ने कहा, “यह पूरी प्रक्रिया दिशानिर्देश के भ्रामक होने से स्वेच्छा से की जा रही है।”

कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं मानक संयुक्त निदेशक शिव कुमार ने कहा, “हमें टॉप रेमन के बारे में एफएसएसएआई से कोई सूचना नहीं मिली है, लेकिन अन्य इंस्टैंट नूडल की तरह इसकी भी जांच चल रही है।”

इंडो निसिन ने सोमवार को एक बयान में कहा कि नियामक के आग्रह के कारण और उनके प्रति सम्मान का प्रदर्शन करने के लिए टॉप रेमन को बाजार से हटाया जा रहा है।

शर्मा ने सोमवार को जारी बयान में कहा था, “एफएसएसएआई ने आठ जून को देश के सभी इंस्टैंट नूडल उत्पादों की सुरक्षा जांच से संबंधित एक दिशानिर्देश जारी किया था। उस समय हमने प्राधिकरण से स्पष्टीकरण मांगा था, क्योंकि टॉप रेमन की मंजूरी से संबंधित आवेदन प्राधिकरण के पास लंबित है।”

उन्होंने कहा, “प्राधिकरण ने हमसे कहा था कि जब तक उत्पाद को मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक के लिए इसे बाजार से हटा लिया जाए। हमें प्राधिकरण से जल्द ही मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493