नेहरू के विकिपीडिया पेज में बदलाव की कांग्रेस ने निंदा की (लीड-1)

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विकिपीडिया पेज में छेड़छाड़ करने और उनसे संबंधित जानकारी बदलने का आरोप लगाते हुए इसे ओछा और निंदनीय करार दिया।

कांग्रेस नेता अभिषेक मनुसिंघवी ने यहां मीडिया को बताया, “जिस किसी ने भी यह किया है उसे मैं एक बात साफ कर दूं कि यह निंदनीय, ओछी और अलोकतांत्रिक हरकत है।”

कांग्रेस ने दावा किया है कि विकीपीडिया में अज्ञात लोगों द्वारा किए जाने वाले परिवर्तनों का पता लगाने वाले एक सॉफ्टवेयर से यह पता लगा है कि यह परिवर्तन 26 जून को किए गए।

सिंघवी ने कहा, “प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री (रवि शंकर प्रसाद) को बताना चाहिए कि सरकारी एजेंसी द्वारा विकीपीडिया के पेज में परिवर्तन करने वालों के खिलाफ वे क्या कार्रवाई कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हम सोच भी नहीं सकते कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अपने पहले प्रधानमंत्री नेहरू जो कि विश्व के राजनेता थे, उन्हें बदनाम कर रहा है।”

इससे पहले कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यहां बुधवार को संवाददाताओं से कहा, “क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका जवाब देंगे कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री तथा कांग्रेस नेताओं से संबंधित विकिपीडिया पृष्ठों की जानकारी किस प्रकार एक सरकारी आईपी एड्रेस के जरिए बदली गई?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493