नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। प्रज्ञान ओझा ने अब घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिए खेलने का फैसला किया है। ऐसा माना जा रहा है कि ओझा ने राष्ट्रीय टीम में अपनी वापसी के प्रयासों के मद्देनजर यह कदम उठाया है।
ओझा इससे पहले हैदराबाद के लिए खेला करते थे। 2014-15 सत्र में ओझा की गेंदबाजी एक्शन को संदिग्ध करार दिया गया था लेकिन इस साल फरवरी में उन्हें इन आरोपों से बरी कर दिया गया।
ओझा ने कहा, “अपनी पिछली टीम हैदराबाद के लिए मेरे मन में पूरा सम्मान है। मैं एक ऐसी टीम के लिए खेलना चाहता था, जो घरेलू स्तर पर शीर्ष पर हो और इस लिहाज से बंगाल अच्छा चयन है। ऐसे में जबकि कई टेस्ट मैच खेले जाने हैं, मैं अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपने चयन की सम्भावना को बढ़ाना चाहता हूं।”
ओझा नए सत्र की शुरुआत अगले महीने भारत-ए के लिए आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के साथ करेंगे। भारत को अगस्त-सितम्बर में श्रीलंका के साथ तीन टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद उसे अक्टूबर-नवम्बर में दक्षिण अफ्रीका के साथ अपने घर में चार टेस्ट मैच खेलने हैं।
dharmpath.com dharmpath