घायल बच्चे की मदद के लिए आगे आया सिख युवक सम्मानित

वेलिंगटन, 3 जुलाई (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए बच्चे की मदद के लिए एक भारतीय सिख युवक को शुक्रवार को ‘उत्कृष्ट संवेदना और सहानुभूति’ के लिए सम्मानित किया गया। सिख युवक ने बच्चे की मदद के लिए अपनी पगड़ी उतारकर बच्चे के घाव पर बांध दी थी। मीडिया रपट के जरिए यह जानकारी प्राप्त हुई।

भारतीय सिख युवक हरमन सिंह को अपनी बहादुरी के लिए काउंटीज मनुकाउ जिला कमांडर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र मिला है।

समाचार पत्र ‘न्यूजीलैंड हेराल्ड’ ने काउंटीज मनुकाउ पुलिस के हवाले से बताया कि ऐसी स्थिति में युवक द्वारा प्रदर्शित उत्कृष्ट संवेदना और सहानुभूति प्रशंसनीय थी।

गौरतलब है कि पिछले महीने स्कूल जा रहे एक छह वर्षीय बच्चे को एक कार ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उसकी मदद के लिए आगे आए सिंह ने धार्मिक प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अपनी पगड़ी खोलकर उसके घाव पर बांध दी थी।

बच्चे को गंभीर रूप से सिर पर चोट आई थी। इसके साथ ही उसे आंतरिक चोटें भी आई थी।

हालांकि, सिंह का कहना है कि उसे नहीं लगता कि उसने बहुत बड़ा कारनामा किया है। इस स्थिति में उसकी जगह कोई और भी होता तो वह भी ऐसा ही करता।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493