ब्रिटेन में आईएस का झंडा लेकर घूमने वाला अपराधमुक्त

लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन की राजधानी में अपने शरीर पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) का झंडा लपेटकर परेड करने वाले व्यक्ति को किसी कानून के उल्लंघन का दोषी नहीं पाया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पार्लियामेंट स्क्वायर के बाहर शनिवार को एक पर्यटक ने एक व्यक्ति को अपने शरीर पर आईएस का झंडा लपेटकर घूमते हुए देखा था, जिसके बाद उसकी कुछ तस्वीर उसने एक कोरियाई फोरम पर पोस्ट की थी।

समाचार वेबसाइट मिरर ऑनलाइन की सोमवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मध्य लंदन में पर्यटकों के बीच उस व्यक्ति ने अपने कंधे पर एक छोटी बच्ची को बिठा रखा था, जो आईएस का एक छोटा सा झंडा लहरा रही थी।

मेट्रोपोलिटन पुलिस ने कहा कि उस व्यक्ति को अधिकारियों ने रोका, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके, क्योंकि उसने कोई कानून नहीं तोड़ा था।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “उस व्यक्ति ने संबंधित कानूनों के बारे में अधिकारियों से बातचीत की, जिसके बाद अधिकारी इस नतीजे पर पहुंचे कि वह किसी कानून का उल्लंघन नहीं कर रहा, इसलिए उसे गिरफ्तार नहीं किया गया।”

उन्होंने कहा, “कोई झंडा या प्रतीक पहनना, साथ रखना या दिखाना कोई अपराध नहीं है। यह उन परिस्थितियों पर निर्भर करता है, जिसके तहत उसे पहना, साथ रखा या दिखाया जा रहा है, साथ ही यह साबित हो जाए कि वह निषिद्ध संगठन का सदस्य या समर्थक है या नहीं।”

अधिकारी ने कहा, “आईएस का सदस्य या समर्थक होना गैरकानूनी है, लेकिन किसी स्वतंत्र राष्ट्र की मांग की वकालत करना अपराध नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493