केन्या में आतंकवादी हमले में 14 मरे, 12 घायल (लीड-1)

नैरोबी, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केन्या में आतंकवादी संगठन अल शबाब के आतंकवादियों ने एक बाजार के निकट अंधाधुंध गोलियां बरसाकर 14 लोगों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि 12 अन्य को घायल कर दिया।

मंडेरा प्रांत के आयुक्त एलेक्स ओले नकोयो ने कहा कि अज्ञात बंदूकधारियों ने केन्या के मंडेरा प्रांत में स्थित एक मवेशी बाजार के करीब एक आवासीय इमारत में हथगोले फेंके।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने पास में स्थित एक खदान के कर्मियों पर गोलियां बरसाने से पूर्व कई इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) फेंके। खदान कर्मी सोए हुए थे।

नकोयो ने कहा, “हमले में 13 पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। इनमें से अधिकांश मजदूर थे। 12 अन्य घायल लोगों को एक करीब के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”

उन्होंने कहा, “जो मारे गए, वे हमले से बिल्कुल अंजान थे। हमलावरों ने कई बार हवा में गोलियां चलाईं और यहां तक कि हमले के लिए पेट्रोल बम तक का इस्तेमाल किया। मंडेरा में गर्मी बहुत अधिक होने की वजह से अधिकांश लोग अपने घरों के बाहर तंबू में सोए हुए थे।”

यह मंडेरा प्रांत में हो रहे हमलों में ताजा हमला है। हमलों के लिए अल शबाब के आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा है। क्षेत्र में पूर्व में हुए ऐसे हमलों में 200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493