अमेरिका, फ्रांस के राष्ट्रपति ने ग्रीस संकट पर बातचीत की

वाशिंगटन, 7 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा और फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा होलांद ने ग्रीस संकट पर टेलीफोन पर बातचीत की।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, उनके बीच ऐसे रास्ते तलाशने के लिए सहमति बनी, जिससे ग्रीस को सुधार और विकास के पथ पर आगे बढ़ने में सुविधा हो।

ह्वाइट हाउस ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि ओबामा और होलांद में इस बात पर सहमति बनी कि ग्रीस के विकास और वहनीय कर्ज के लिए सभी पक्षों को अपनी-अपनी तरफ से कुछ त्याग करना होगा।

ह्वाइट हाउस ने सोमवार को कहा कि ग्रीस की अर्थव्यवस्था की जरूरतें नहीं बदली हैं और ग्रीस तथा कर्जदाताओं को सुधार और वित्तीयन के एक समझौते पर पहुंचना चाहिए।

ह्वाइट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्नेस्ट ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “जनमत संग्रह समाप्त हो गया है, लेकिन हमारी राय नहीं बदली है।”

उल्लेखनीय है कि रविवार को ग्रीस में हुए जनमत संग्रह में जनता ने कर्जदाताओं के सुधार प्रस्तावों को खारिज कर दिया है।

अर्नेस्ट ने साथ ही कहा कि यद्यपि अमेरिका का मानना है कि सहमति पर पहुंचना सभी पक्षों के हित में है, लेकिन इस चुनौती से आखिरकार यूरोप को निपटना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493