छत्तीसगढ़ : 5 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

बस्तर रेंज के आईजी एसआरपी कल्लूरी ने बुधवार की दोपहर दफ्तर में सभी समर्पित नक्सलियों को मीडिया के समक्ष पेश किया। कल्लूरी के मुताबिक चारों ने जब आत्मसमर्पण करने की इच्छा जाहिर की तो संगठन की बागडोर संभालने वाले दुर्दांत नक्सली नेताओं और डीकेजेडएससी मेंबर श्याम उर्फ चैतू, निर्मला, गणेश उइके ने इन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। किसी तरह इनके चंगुल से छूटने के बाद सभी ने खुद को सरेंडर कर दिया। खास बात यह है कि आत्मसमर्पित सभी नक्सली छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं।

आईजी ने खुलासा करते हुए बताया कि दरअसल यह पूरा सिलसिला डीवीसी मेंबर बदरू और डिप्टी कमांडर किरण के आत्मसमर्पण के बाद शुरू हुआ। अत्याचार, भेदभाव, शोषण और अपमान का दंश झेलते, आजिज आ चुके छत्तीसगढ़ के नक्सलियों ने अब अपने जीवन के बारे में सोचना प्रारंभ कर दिया है और यही वजह है कि नक्सली संगठन में गैंगवार जैसे हालात हैं।

दसरू 10 सालों से नक्सलियों के साथ था और कई बड़े नक्सली नेताओं के साथ काम कर चुका है। वह व्यक्तिगत रूप से कई नामचीन नक्सलियों को पहचानता भी है। इसी तरह हिड़मा उर्फ पांडु ताड़मेटला घटना से जुड़े कई राज खोल रहा है। चूंकि वह स्वयं उस वारदात में शामिल रहा और फ्रंट लाइनर था।

आईजी कल्लूरी के मुताबिक बस्तर में सेवा देने के नाम पर सक्रिय कई एनजीओ यह नहीं चाहते कि यहां शांति की स्थापना हो। पुलिस इस दिशा में काम कर रही है और साल के अंत तक इस तरह के तत्वों से निपट लेगी। बारिश के बावजूद आपरेशंस में किसी तरह का ठहराव नहीं आया है। बल्कि पुलिस अपेक्षाकृत अधिक आक्रामक हुई है। यही वजह है कि भीतरी इलाकों की प्रत्येक हलचल के बारे में समय पर पुलिस तक सूचना पहुंच रही है।

उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि नक्सलियों की मिलेट्री इंटेलीजेंस का सदस्य बीजापुर जिले के सावनार का रहने वाला हेमला भगत, क्रांतिकारी महिला संगठन की कुरसम कोसी, पेरमापारा निवासी बुदरू मासा को नक्सलियों ने मौत के घाट उतार दिया और परिजनों तक यह भ्रामक खबर पहुंचाई कि पुलिस ने इनकी हत्या कर दी है।

एक अन्य नक्सली हिंगा के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई है, जबकि हुर्रा इनके कब्जे से किसी तरह भागने में सफल रहा है। दंतेवाड़ा पुलिस को ताजा खुफिया सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ मूल के एक अन्य नक्सली आयतु को भी बांध कर रखा गया है और उसकी हत्या करने की तैयारी में हैं नक्सली। इसी तरह चिमलीपेंटा इलाके में 8 और नक्सलियों को मौत के घाट उतारा गया है। इस बारे में पुलिस सबूत तलाश रही है।

आईजी दफ्तर में हुई पत्रकार वार्ता के दौरान बस्तर एसपी अजय यादव, सुकमा एसपी डी श्रवण, एएसपी सुकमा संतोष सिंह, दंतेवाड़ा एसपी कमलोचन कश्यप, बीजापुर एसपी कन्हैया लाल ध्रुव एवं कोंडागांव एसपी बट्टी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493