ऊफा (रूस), 9 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिक्स का नवीन विकास बैंक ऋण देने की शुरुआत अप्रैल 2016 से कर सकता है। बैंक के प्रथम अध्यक्ष भारत के के.वी.कामत ने यह जानकारी दी।
कामत ने समाचार एजेंसी तास से कहा, “हम अगले साल अप्रैल से ऋण देने की शुरुआत करना चाहते हैं। इसलिए हमें परियोजनाओं को चिन्हित करने के लिए दल बनाने होंगे, इसके साथ ही आंतरिक प्रक्रियाओं का निर्माण भी करना होगा और लोगों की भर्ती करनी होगी, जिसके बाद फंडिंग की प्रक्रिया शुरू होगी।”
कामत के मुताबिक, अनुसमर्थन की प्रक्रिया सात जुलाई को मास्को में पूरी हो गई और बैंक को आगे बढ़ने व काम शुरू करने की मंजूरी मिल गई है।
कामत ने कहा, “इस वक्त हमारे पास केवल एक सादा पन्ना है, जिसमें हमारे चार उपाध्यक्षों के नाम अंकित हैं। शेष सभी की नियुक्ति की जानी है।”
कामत के मुताबिक, शुरुआती तीन महीनों में बैंक सदस्य देशों के स्थानीय विकास बैंकों से मदद लेगा।
उन्होंने कहा, “मैंने अपने विकास बैंक साझीदारों के साथ परामर्श करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रत्येक देश से एक, दो या तीन लोगों को काम पर रखने के लिए हमें तत्काल बैठक करनी है।”
कामथ ने कहा, “सदस्य देशों से लोगों की भर्ती पूरी तरह योग्यता पर आधारित होगी।”
dharmpath.com dharmpath