दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर जाम

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार तड़के से ही जारी बारिश के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया है, जिसके कारण कई स्थानों पर यातायात जाम हो गया और लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बारिश और जाम की वजह से सुबह घर से दफ्तर के लिए निकलने वालों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली यातायात पुलिस ने इंदिरा गांधी हवाई अड्डे के पास महिपालपुर तथा आईटीओ सहित राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जाम लगने के बारे में बताया।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह 8.30 बजे तक 93.8 मिलीमीटर बारिश हुई। दिन में और बारिश होने का अनुमान है।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने की संभावना है।

राजधानी में सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 100 फीसदी दर्ज की गई।

यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493