तिरुवनंतपुरम, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने रविवार को कहा कि त्रिसुर में आयोजित एक समारोह में अपर पुलिस महानिदेशक ऋषिराज सिंह द्वारा प्रोटोकॉल तोड़े जाने और अनाचार किए जाने की मामले की जांच राज्य पुलिस प्रमुख करेंगे।
ऋषिराज पर आरोप है कि शनिवार को त्रिसुर पुलिस अकादमी में आयोजित महिला पुलिस प्रशिक्षुओं की पासिंग आउट परेड समारोह में चेन्निथला के आगमन पर खड़े न होकर उन्होंने उनका अपमान किया।
चेन्निथला ने कहा, “पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) टी. पी. सेनकुमार, जो कि समारोह में मौजूद थे, इस घटना की पड़ताल करेंगे और पता लगाएंगे कि क्या सचमुच वहां प्रोटोकॉल तोड़ा गया था या अपमानजनक घटना हुई थी।”
यह पूछे जाने पर कि क्या ऋषिराज ने उनके आगमन पर खड़े न होकर प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है, उन्होंने पत्रकारों से कहा, “एक सार्वजनिक हस्ती होने के नाते मेरी किसी से कोई शिकायत नहीं है और इस मामले को डीजीपी को देखने दें।”
समारोह में चेन्निथला के आगमन और उपस्थिति से बेखबर अपनी सीट पर बैठे ऋषिराज सिंह की तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।
dharmpath.com dharmpath