नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना (आईएएफ) प्रमुख एयर मार्शल अरुप राहा दक्षिण अफ्रीका के चार दिवसीय दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी मिली।
दक्षिण अफ्रीकी वायुसेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एफ. जेड. सिमांग ने उन्हें इस दौरे के लिए आमंत्रित किया था।
राहा अपने दक्षिण अफ्रीका दौरे में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने की दिशा में कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
राहा की इस यात्रा में आर्मस्कोर, द आर्मामेंट कॉर्प्स ऑफ साउथ अफ्रीका और हवाई ठिकानों तथा ओवरबर्ग स्थित दक्षिण अफ्रीकी उड़ान परीक्षण केंद्रों के दौरे भी शामिल हैं।
त्रिपक्षीय पहल इबसा (भारत, ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका) के सदस्य भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाल के वर्षो में राजनीतिक एवं सैन्य स्तर पर लगातार संपर्क होता रहा है।
dharmpath.com dharmpath