मोदी के सेशल्स, मॉरीशस यात्रा पर उच्चायोगों ने 2.66 करोड़ खर्चे

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभी रूस और पांच मध्य एशियाई देशों -उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान और ताजिकिस्तान- की यात्रा पर हैं। मोदी अपनी विदेश यात्राओं को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं।

हाल ही में राजधानी लखनऊ निवासी संजय शर्मा की एक आरटीआई से खुलासा हुआ कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 13 महीनों में 12 विदेश यात्राएं की और वह 19 देशों में गए। संजय की इसी आरटीआई अर्जी पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर खर्च राशि की जानकारी देने से इनकार कर दिया था।

दरअसल, संजय ने बीते 26 मई को प्रधानमंत्री कार्यालय में एक आरटीआई दायर कर पूछा था कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर कितना खर्च किया गया। उन्होंने हर विदेश यात्रा के खर्च का मदवार विवरण मांगा था।

इस आरटीआई को बाद में विदेश मंत्रालय ने अपने सभी दूतावासों के प्रभागों को भेज दिया था। इनमें से एक प्रभाग, विदेश मंत्रालय की पूर्व और दक्षिण अफ्रीका शाखा की अनुसचिव मालविका प्रियदर्शिनी ने अब अपने जवाब में बताया है कि प्रधानमंत्री मोदी की सेशल्स और मॉरीशस यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने क्रमश: 1 करोड़ 28 लाख 61 हजार 928 रुपये और 1 करोड़ 37 लाख 92 हजार 690 रुपये खर्च किए थे। इस प्रकार मोदी की दो देशों सेशल्स और मॉरीशस यात्रा पर विदेश मंत्रालय ने 2 करोड़ 66 लाख 54 हजार 618 रुपये खर्च किए थे।

संजय ने बताया कि मालविका प्रियदर्शिनी ने यह भी बताया है कि ये खर्च उनके उच्चायोग द्वारा किए गए खर्च हैं और ये मोदी की दोनों देशों की यात्रा के कुल खर्चे नहीं हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493