पुलिस ने कहा कि कम्पिल थाना क्षेत्र के ग्राम गंगपुर शाहीपुर निवासी संतोष कुमार की पत्नी अयोध्या देवी को घायल अवस्था में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका उपचार जारी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि पांच साल पहले बदायूं के विल्सी बेहटा निवासी धनपाल सिंह के साथ उसका विवाह हुआ था। धनपाल से उसे चार साल की एक बेटी शिवानी और दो साल का पुत्र मोहित है।
पीड़ित महिला के परिजनों ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद ही धनपाल नशे का आदी हो गया था। वह अपनी पत्नी अयोध्या के साथ अक्सर मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर दो महीने पहले ही अयोध्या ने गनीपुर निवासी संतोष कुमार के साथ फतेहगढ़ कचहरी में विवाह कर लिया। यह बात महिला के पहले पति को नागवार गुजरी और वह भी गनीपुर में आकर रहने लगा।
उन्होंने बताया कि रविवार को अयोध्या शौच के लिए घर से कुछ दूर खेत गई थी। वहां पर पहले से घात लगाए बैठे उसके पहले पति ने उसे गोली मार दी। गोली महिला की जांघ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.बी. चौरसिया ने बताया, “घायल महिला को पहले कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।”
dharmpath.com dharmpath