एथेंस, 20 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रीस के बैंक तीन सप्ताह तक बंद रहने के बाद सोमवार को खुल गए। यह जानकारी एक मीडिया रपट से मिली।
समाचार पत्र गार्जियन की रपट के मुताबिक, एक व्यक्ति अब हर सप्ताह बैंक से एक बार में अधिकतम 420 यूरो (करीब 455 डॉलर) की निकासी कर पाएगा।
ग्रीस की बैंकिंग व्यवस्था को चरमराने से बचाने के लिए 29 जून को बैंकों में अवकाश घोषित कर दिया गया था और उसके बाद बैंक के ग्राहकों के लिए प्रतिदिन अधिकतम 60 यूरो (66 डॉलर) की निकासी करने की ही अनुमति थी।
धन देश से बाहर भेजने पर लगी रोक तथा अन्य प्रकार की पाबंदी हालांकि अब भी जारी है।
एथेंस के शेयर बाजार भी बंद हैं और अगली सूचना तक बंद रहेंगे।
ग्रीस के बैंक एसोसिएशन के प्रमुख लौका कत्सेली ने कहा, “पूंजी नियंत्रण और निकासी की पाबंदी जारी रहेगी, लेकिन हम एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं, जिसमें हमारा अनुमान है कि स्थिति सामान्य होती जाएगी।”
सोमवार से खाद्य वस्तुओं और सार्वजनिक परिवहन पर मूल्यवर्धित कर (वैट) 23 फीसदी हो जाएगा, जो पहले 13 फीसदी था। यह उस बेलआउट शर्तो के मुताबिक होगा, जिसपर ग्रीस की यूरोजोन के साथ सहमति बनी है।
कर्जदाताओं ने 86 अरब यूरो (89 अरब डॉलर) कर्ज देने पर बात करने के लिए वैट बढ़ाने की शर्त रखी थी।
बैंकों के खुलने से पहले अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे घरों में जमा की जा रही नकदी को बैंकों में जमा कर दें।
कत्सेली ने रविवार को कहा, “बैंक जब फिर से खुल गए हैं और स्थिति सामान्य हो चली है, तब हम सबको अपनी अर्थव्यवस्था को सहारा देना चाहिए। यदि हम अपने धन को अपने घरों में नहीं रखकर बैंकों में जमा कर दें, तो इससे अर्थव्यवस्था की तरलता बढ़ेगी। घरों में वैसे भी धन सुरक्षित नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath