बस्सी ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर जंग से चर्चा की (लीड-1)

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के पुलिस आयुक्त बी.एस. बस्सी ने राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सोमवार को उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात की। दोनों के बीच दिल्ली की कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा हुई।

बस्सी की जंग से मुलाकात उनकी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात से पहले हुई। जंग से मुलाकात के बाद बस्सी ने कहा, “हमने दिल्ली में कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति और इसे बेहतर बनाने की रणनीति पर चर्चा की।”

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार की इस निरंतर मांग के बीच कि दिल्ली पुलिस को उसे रिपोर्ट करनी चाहिए, न कि केंद्र सरकार को, बस्सी ने कहा, “पुलिस व्यवस्था के प्रति जवाबदेह है, न कि किसी व्यक्ति के प्रति। हम अपने संविधान और विभिन्न कानूनों से बंधे हैं, जिसके तहत दिल्ली पुलिस काम करती है।”

कानून-व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस की आलोचना के जवाब में बस्सी ने कहा, “मैं आलोचनाओं को भी सकारात्मक तरीके से लेता हूं, भले ही वे गलत हों।”

केजरीवाल ने रविवार को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की थी कि यदि वह दिल्ली में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर चर्चा के लिए हर सप्ताह एक घंटे का समय नहीं निकाल सकते तो दिल्ली पुलिस को उनकी सरकार को सौंप दें।

राष्ट्रीय राजधानी के आनंद पर्वत इलाके में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक किशोरी की हत्या के बाद दिल्ली की आप सरकार को एक बार फिर यह मुद्दा उठाने का मौका मिल गया है। दिल्ली सरकार कई बार कह चुकी है कि दिल्ली पुलिस उसके अधीन होनी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493