अखिलेश से मिलीं सारा की मां, सीबीआई जांच का आश्वासन

लखनऊ , 21 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की पुत्रवधू सारा की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सारा की मां सीमा सिंह ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से मामले की जांच कराने की मांग की।

सीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें मामले की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा केंद्र के पास भेजने का आश्वासन दिया है।

सारा की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग को लेकर सीमा सिंह मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय एनेक्सी में उनसे मिलीं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद सीमा ने संवाददाताओं को बताया कि फिरोजाबाद पुलिस ने शुरू से ही इस मामले में लापरवाही बरती है।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री से मुलाकात और बातचीत ठीकठाक रही। मैंने अपनी सुरक्षा और सारा की मौत के मामले की जांच सीबीआई से कराने का अनुरोध किया।”

सीमा के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने और सारा की मौत की जांच सीबीआई से कराने की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया है।

ज्ञात हो कि नौ जुलाई को लखनऊ से दिल्ली जाते समय फिरोजाबाद में एक सड़क हादसे में सारा की मौत हो गई थी। हादसे के वक्त अमरमणि के बेटे व सारा के पति अमनमणि त्रिपाठी भी उसके साथ थे, लेकिन उन्हें खरोंच तक नहीं आई, जिसके बाद सारा की मां के मन में बेटी की मौत को लेकर संदेह पैदा हुआ।

सारा की मां सीमा सिंह ने कहा कि उनकी बेटी की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई है, बल्कि उसकी हत्या कराई गई है और इसे सड़क हादसे का रूप दिया गया है। सीमा इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के राज्यपाल राम नाईक व सूबे के पुलिस महानिदेशक जगमोहन यादव से भी मुलाकात कर चुकी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493