वाराणसी, 22 जुलाई (आईएएनएस)। अपना दल की अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने बुधवार को कहा कि उनकी बेटी अनुप्रिया के लिए उनके दरवाजे सदैव खुले हैं, बशर्ते अनुप्रिया बेटी की तरह मां के पास आए। किसी दल की सांसद के रूप में नहीं।
कृष्णा ने यहां पार्टी की उपाध्यक्ष पल्लवी पटेल संग संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा, “बेटी कुछ लोगों के बहकावे में आ गई है।”
कृष्णा पटेल ने विश्वास जताया कि देर-सबेर वह मां के आंचल में जरूर लौटेंगी।
पल्लवी ने भी छोटी बहन अनुप्रिया की तारीफ में कसीदे पढ़े। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता चाहता है कि वह घर लौट आएं।
इस दौरान कृष्णा व पल्लवी ने बताया कि छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर अपना दल 26 जुलाई को कटिंग मेमोरियल ग्राउंड पर रैली आयोजित करेगा। रैली को सफल बनाने के लिए जनसंपर्क किया जा रहा है। रैली में एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कृष्णा ने कहा कि राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन पर निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अपना दल की अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कुछ महीने पहले मीरजापुर से सांसद अनुप्रिया पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
dharmpath.com dharmpath