ब्रेडा (नीदरलैंड्स), 22 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने वोल्वो इन्विटेशनल अंडर-21 हॉकी टूर्नामेंट में मंगलवार को शानदार संघर्ष करते हुए जर्मनी को 4-4 से ड्रॉ पर रोक दिया।
मैच के दौरान दोनों ही टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और भारतीय महिलाओं ने निडर होकर जर्मनी का सामना किया।
जर्मनी के लिए 10वें मिनट में एलीजिया ग्रेव ने मैच का पहला गोल किया और जर्मनी को 1-0 की बढ़त दिला दी। अगले ही मिनट में किरा हॉर्न ने भारत के खिलाफ दूसरा गोल दाग दिया।
लगातार दो विकेट खाने के बाद भारतीय टीम जैसे नींद से जागी और 14वें में रेणुका यादव ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। पहला गोल हासिल करने के साथ ही भारतीय टीम का आत्मविश्वास लौट आया और वे ज्यादा नियंत्रण के साथ खेलने लगीं।
अनुपा बारला ने 17वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर भारत को 2-2 से बराबरी दिला दी।
मध्यांतर तक 2-2 से स्कोर बराबर रहने के बाद मैच के 41वें मिनट में जसप्रीत कौर ने गोल कर अंतत: भारत को 3-2 से बढ़त दिला दी। 54वें मिनट में हालांकि टेसा मार्गोट स्कूबर्ट के गोल की बदौलत फिर से स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया।
भारतीय टीम के लिए 56वें मिनट में लिलिमा मिंज ने शानदार काउंटर अटैक कर भारत को फिर से 4-3 की बढ़त दिला दी। मैच समाप्त होने से कुछ ही मिनट पहले बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम मैच जीतती लग रही थी कि जर्मनी ने तेज-तर्रार खेल का प्रदर्शन करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया और एन्ने विंटर अंतत: 68वें मिनट में स्कोर 4-4 से बराबर करने में सफल रहीं।
भारतीय लड़कियां अब बुधवार को चीन का सामना करेंगी।
dharmpath.com dharmpath