फुटबाल में गिरावट पर चिंतित है सरकार : सोनोवाल

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने बुधवार को कहा है कि सरकार देश में फुटबाल में हुई गिरावट को लेकर चिंतित है और इसमें सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है।

सोनोवाल ने बुधवार को लोक सभा में एक सवाल के जवाब में स्वीकार किया कि भारतीय फुटबाल टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई है।

फीफा की ताजा विश्व रैंकिंग में भारतीय टीम 15 स्थान गिरकर 156वें स्थान पर पहुंच गया है। विश्व कप क्वालीफायर के लगातार दो मैचों में मिली हार के कारण भारत की रैंकिंग में यह गिरावट आई है।

सोनोवाल ने कहा, “भारतीय फुटबाल टीम के प्रदर्शन में कई कारणों से गिरावट आई है, जैसे कि जमीनी स्तर पर फुटबाल के विकास कार्यक्रमों की कमी, प्रायोजकों की कमी और भविष्य के अवसरों की कमी।”

उन्होंने कहा, “सरकार देश में फुटबाल में सुधार के लिए अन्य साझेदारों के सहयोग से लगातार प्रयासरत है।”

खेल मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को फुटबाल से जोड़ने को लेकर तथा देश में फुटबाल का नेटवर्क स्थापित करने को लेकर कटिबद्ध है।

पिछले तीन वर्षो में केंद्र सरकार ने फुटबाल के विकास पर 23.46 करोड़ रुपये खर्च किए।

भारतीय टीम के मुख्य कोच स्टीफेन कोंस्टैनटाइन ने हाल ही में भारतीय टीम के प्रदर्शन में सुधार के लिए भारतीय मूल के खिलाड़ियों को खेलने की अनुमति देने का सुझाव दिया था।

उन्होंने कहा था कि उन्होंने भारतीय टीम के लिए खेलने के इच्छुक कुछ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के भारतीय मूल के खिलाड़ियों को पहले से ही चिह्नित किया हुआ है।

मौजूदा नियमों के मुताबिक हालांकि सिर्फ भारतीय पासपोर्ट धारक खिलाड़ी ही भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493