पटना, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक वकील और उसके ससुर की गोली मारकर हत्या कर दी। आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन किया।
शाहटोली निवासी शंभू राय गुरुवार रात अपने वकील दामाद राजनंदन राय के साथ दानापुर से घर लौट रहे थे। उसी दौरान रास्ते में अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलने पर गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शुक्रवार सुबह भी लोगों ने दानापुर में मार्ग अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि 2013 में शंभू राय के बेटे राकेश राय और उसके दोस्त राहुल की भी हत्या हुई थी। इस मामले में 14 लोगों को नामजद कराया गया था। कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और कुछ अब भी फरार हैं।
मृतक शंभू के भाई उदय राय का आरोप है कि उन्हीं आरोपियों ने इन दोनों हत्याओं को अंजाम दिया।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने पर दानापुर थाना प्रभारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। हत्या में पिछली हत्याओं के आरोपी सतीश राय का हाथ बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
dharmpath.com dharmpath