ेसंसद को चलने दे विपक्ष : राजग (लीड-1)

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों ने विपक्षी दलों पर मानसून सत्र के दौरान लोकसभा तथा राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस दौरान विपक्ष से अपील की कि वे संसद की कार्यवाही सुचारु तरीके से चलने दें।

राजग सांसदों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ संबंधों को लेकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को निशाना बनाने के लिए तथा मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को निशाना बनाने के लिए कांग्रेस पर तंज कंसे।

शिरोमणि अकाली दल के नेता नरेश गुजराल ने संवाददाताओं से कहा, “कांग्रेस जो खुद भ्रष्टाचार से घिरी हुई है, स्वच्छ राजनीति की बात करती है। यह बेहद अजीब स्थिति है।”

प्रदर्शनकारी सांसदों ने तख्तियां लहराईं, जिन पर लिखा था, ‘लोकतंत्र को बचाएं, संसद को चलने दें।’

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, “कांग्रेस चर्चा से क्यों बच रही है? उन्होंने ही इसकी मांग की थी।”

भाजपा नेताओं ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत पर 2013 में राज्य में आई बाढ़ के दौरान एक शराब घोटाले में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और उनके निजी सचिव बाढ़ के दौरान शराब घोटाले और लूट में शामिल रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493