बालटाल में बादल फटने से 2 बच्चों की मौत

श्रीनगर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बालटाल क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक है। घटना के बाद 11 लोग लापता हैं।

बालटाल वार्षिक अमरनाथ यात्रा के बनाए गए दो आधार शिविरों में से एक है।

एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को आईएएनएस को बताया, “अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर के पास शुक्रवार देर रात बादल फटने की घटना में 11 और 13 साल के दो बच्चों की मौत हो गई।”

उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे आधार शिविर के पास दुकानों में काम करते थे।

बादल फटने की घटना में 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारी ने बताया, “11 लोग अब तक लापता हैं और हम सटीक जानकारी के लिए शिविर में मौजूद लोगों की संख्या का पता लगा रहे हैं।”

इससे पहले 16 जुलाई को श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलान गांव में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसी मार्ग से होकर अमरनाथ यात्री बालटाल आधार शिविर के लिए जाते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493