शिमला, 26 जुलाई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश धर्मशाला में फुटबाल अकादमी खोलने की तैयारी कर रहा है। धर्मशाला में पहले से ही हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) का शानदार क्रिकेट स्टेडियम मौजूद है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
राज्य की युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, “जिला मुख्यालयों पर बहुद्देशीय इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं, जहां खेल के मैदान के अलावा अन्य सुविधाएं भी होंगी। इसके अलावा स्पोर्ट्स हॉस्टल भी खोले जा रहे हैं। इन सारी योजनाओं के लिए 35 करोड़ रुपयों का प्रावधान किया गया है।”
उन्होंने बताया कि धर्मशाला में अलग से एक फुटबाल अकादमी भी स्थापित की जाएगी। गौरतलब है कि राज्य की कुल आबादी में युवाओं का प्रतिशत 40 है।
राज्य में युवाओं से जुड़ी गतिविधियों में बढ़ोतरी के उद्देश्य से यूथ क्लबों को दी जाने वाली वार्षिक अनुदान राशि को 2013-14 में 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया था, जिसे 2015-16 में फिर से बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य में खेल अवसंरचनाओं की मरम्मत, देखभाल और निर्माण पर 1,386.08 लाख रुपये खर्च किए गए। ग्रामीण इलाकों में छोटे-छोटे खेल के मैदानों के निर्माण पर एक करोड़ रुपये खर्च किए गए।
dharmpath.com dharmpath