नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जबर्दस्त कमाई कर रही ‘बाहुबली : द बिगिनिंग’ के मुख्य अभिनेता प्रभाष ने यहां रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
मोदी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा गया, “आज ‘बाहुबली’ प्रभाष से मुलाकात की।” ट्वीट के साथ एक फोटो भी साझा की गई, जिसमें प्रभाष काली कमीज और जींस में नजर आए।
फोटो में तेलुगू फिल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रभाष अपने चाचा और दिग्गज अभिनेता कृष्णम राजू और चाची के साथ मोदी की बगल में खड़े दिखे। मोदी हल्के सफेद रंग के कुर्ते-पायजामा में थे।
एस.एस. राजामौली निर्देशित ‘बाहुबली : द बिगिनिंग’ प्राचीन साम्राज्य के दो भाइयों के बीच राजपाट के संघर्ष पर आधारित कहानी है। यह दुनियाभर में अब तक 350 करोड़ रुपये से अधिक कमाई कर चुकी है।
यह 10 जुलाई को तेलुगू, तमिल, मलयालम और हिंदी में रिलीज हुई थी।
dharmpath.com dharmpath